सराहन पब्लिक स्कूल में मनाया वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सराहन पब्लिक स्कूल में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। लोक निर्माण विभाग के सब डिविजनल ऑफिसर राहुल जेनजैया कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों ने किन्नौरी, पहाड़ी, गुजराती, कुल्लूवी और बॉलीवुड के गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। समारोह में सुभाष सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन और तुषार को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के खिताब से सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ अध्यापक के रूप में रविंद्र को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रधानाचार्या कनिका बिष्ट ने सभी अभिभावकों और पूर्व छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने सभी को साल भर विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। कनिका बिष्ट ने बताया कि छात्रों के सर्वांगीण विकास और उत्साह वृद्धि के लिए विद्यालय वर्षभर में अनेक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, गतिविधियों में छात्र बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं। मुख्यातिथि ने कहा कि हमें अपना कार्य मेहनत और लगन से करना चाहिए, विद्यालय में ली गई शिक्षा ही हमारे जीवन का आधार होता है।