रामपुर बुशहर। एसजेवीएन की 412 मेगावाट रामपुर परियोजना अस्पताल में शुक्रवार को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सीएसआर नीति के तहत परियोजना बायल में लोगों के लिए हेल्पऐज इंडिया के माध्यम से शिविर आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने किया।
उन्होंने कहा कि एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और निदेशक कार्मिक (अध्यक्ष एसजेवीएन फाउंडेशन) के निर्देशों के अनुसार परियोजना की ओर से प्रभावित पंचायतों में समय-समय पर विभिन्न जागरूकता और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों को शिविर का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में ईएनटी रोग, स्त्री रोग, मेडिसिन, नेत्र रोग और दंत रोग विशेषज्ञों ने करीब 351 मरीजों का स्वास्थ्य जांचा। इसके साथ ही मरीजों को निशुल्क दवाइयों के साथ 142 नेत्र रोगियों को निशुल्क चश्मे भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर रामपुर परियोजना के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, अन्य अधिकारी और हेल्पेज इंडिया के अधिकारी मौजूद रहे।