अकेला हूं, किसके लिए करूंगा करप्शन: मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में परिवर्तन रैली के दौरान भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के खिलाफ अपने हमलावर रूख जारी रखे। मोदी ने विदेश नीतियों पर सवाल उठाते हुए मोदी ने केंद्र की यूपीए सरकार पर निशाना साधा।
नरेंद्र मोदी ने कारगिल युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल की वीरों की भूमि रही है। हिमाचल की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा कि यह प्रदेश देश के दुश्मनों से उसकी रक्षा करता है।
मोदी ने अपने भाषण में पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि यूपीए के राज में 120 करोड़ लोगों के देश की हालत ये है कि कोई भी आता है और चांटा मारकर चला जाता है।
मोदी ने कहा कि दुनिया को कोई देश हमें दबाए ये हमें मंजूर नहीं।
महंगाई पर कांग्रेस को घेरा
नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस को महंगाई के मुद्दे पर भी घेरा। नरेंद्र मोदी ने लोगों से पूछा कि कांग्रेस ने 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा किया क्या महंगाई कम हुई?
इशारों-इशारों में राहुल और सोनिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने महंगाई बढ़ाई है वह उस पर बोलने के लिए तैयार नहीं है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का एक भी नेता महंगाई पर बोलने को तैयार नहीं है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार और महंगाई देश को खा रहे हैं और कांग्रेस के नेता देश का भ्रमण कर रहे हैं।
स्थानीय मुद्दे सुलझाने का वादा
राष्ट्रीय मुद्दों के अलावा नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के स्थानीय मुद्दों पर केंद्र और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला किया। हिमाचल के किसानों की बदहाली को लेकर मोदी ने सवाल पूछे। मोदी ने कहा कि हिमाचल में सेब की खेती की बदहाली पर सरकार कदम नहीं उठा रही है।
हिमाचल में पर्यटन उद्योग को आगे बढ़ाने की नीतियों पर भी मोदी जमकर बरसे। मोदी ने सवाल पूछा कि सरकार के पास हिमाचल में पर्यटन को बढ़ाने के लिए क्या नीतियां हैं?
मोदी ने कहा कि पूरे विश्व में एक व्यवसाय बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है वो है पर्यटन विभाग। सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ टीवी में विज्ञापन देने से पर्यटन नहीं बढ़ता है जबकि हिमाचल में पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं।
मोदी बोले कि कांग्रेस पर्यटन को लेकर गंभीर होती तो आज दिल्ली की गलियों में हिमाचल के युवाओं को ठोकरें नहीं खानी पड़ती। कांग्रेस सरकार एक मात्र ऐसी सरकार है जिस पर से जनता का भरोसा उठ चुका है।
भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर बरसे मोदी
यूपीए कार्यकाल के दौरान हुए घोटाले और भ्रष्टाचार पर भी नरेंद्र मोदी ने सरकार को जमकर घेरा। हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी संपत्ति 14 गुना कैसे बढ़ी?
मोदी ने प्रधानमंत्री के पुराने बयान को याद दिलाते हुए कहा कि मनमोहन सिंह कहते हैं पैसे पेड़ पर नहीं उगते और वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की संपत्ति सेब के पेड़ों से ही 14 गुना ज्यादा बढ़ जाती है।
मोदी ने कहा कि 'मैं पूछता हूं कि प्रधानमंत्री जी अब पैसे पेड़ पर कैसे उग रहे हैं'। विदेशों में जमा काले धन को लेकर मोदी ने केंद्र सरकार जमकर जुबानी तीर चलाए। मोदी ने कहा कि आपको काला धन लाने में डर क्यों है?
विपक्ष का कोई भी इस बात से नहीं डर रहा तो आप क्यों काले धन को लाने में डरते हैं। मोदी ने कहा कि सिर्फ यूपीए ही नहीं कांग्रेस पार्टी में भ्रष्टाचारी मौजूद हैं।
कांग्रेस जहर की खेती करती है
मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाई को भाई से लड़ाती है, एक पंथ से दूसरे पंथ को लड़ाती है, एक राज्य को दूसरे राज्य को लड़ाती है। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस पिछले साठ साल से जहर की खेती करती हुई आई है जबकि दूसरों पर ये आरोप लगाती है।
मोदी ने फिर दोहराया कि अटल जी के कार्यकाल के दौरान जब प्रदेशों का बंटवारा हुआ था तो मिठाइयां बंटी थी। लेकिन कांग्रेस ने तेलंगाना बनाकर आग लगा दी।
मोदी ने कहा कि आज हाल ये है कि आंध्रप्रदेश में एक भाई दूसरे भाई से लड़ रहा है। कांग्रेस ने मां के दूध में दरार डाल दी है।