Monkeypox In HP: मंकीपॉक्स का संदिग्ध मरीज डिस्चार्ज, रिपोर्ट आने तक घर में आइसोलेट, जानें इसके लक्षण और बचाव
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीज के सैंपल को आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया है। यह व्यक्ति करीब डेढ़ माह पूर्व अमेरिका से आया था। ऐसे में ट्रैवल हिस्ट्री के कारण भी मरीज को संदिग्ध माना गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीज का सोमवार को सैंपल लेकर आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया है। यह मरीज 14 सितंबर को डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में चर्म रोग विभाग में जांच के लिए आया। उसके शरीर पर चकते व फफोले आए थे जो मंकीपॉक्स बीमारी के प्रारंभिक लक्षण थे।
यह व्यक्ति करीब डेढ़ माह पूर्व अमेरिका से आया था। ऐसे में ट्रैवल हिस्ट्री के कारण भी मरीज को संदिग्ध माना गया। बीते शनिवार को व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज के आईसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया था। शनिवार को ही इसका सैंपल लिया गया। लेकिन रविवार का अवकाश होने के कारण सैंपल को आईजीएमसी शिमला सोमवार को भेजा गया। अब जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि इस व्यक्ति को मंकीपॉक्स है या नहीं। वहीं सीएमओ कार्यालय को भी मामले के बारे में अवगत करवाया गया है और जिला स्वास्थ्य विभाग भी इस पर नजर बनाए हुए है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि मरीज संदिग्ध लग रहा था। इसलिए उसका सैंपल लिया गया है। सोमवार को सैंपल जांच के लिए शिमला भेज दिया गया। व्यक्ति की हालत स्थिर है। सैंपल की रिपोर्ट न आने तक व्यक्ति को आइसोलेट रहने की हिदायत दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डाॅ. गोपाल बेरी ने बताया कि मंकीपॉक्स को लेकर बेवजह डर का माहौल न बन जाए, इसलिए सतर्कता अधिकारी को जांच का जिम्मा सौंपा है। जांचा जाएगा कि मरीज के लक्षण क्या मंकीपॉक्स को लेकर केंद्र सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी की परिभाषा से मेल खाते हैं या नहीं। सतर्कता अधिकारी की रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।
केंद्र की ओर से जारी एडवाइजरी के बाद प्रदेश के अस्पतालों को मंकीपॉक्स को लेकर एहतियात बरतने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सरकार ने एहतियात के तौर पर मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों में इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों में कम से कम 5 से 6 आइसोलेशन बिस्तर की सुविधा रखने को कहा गया है।
क्या हैं मंकीपॉक्स के लक्षण
तेज सिर दर्द और सूजन, मांसपेशियों और पीठ में दर्द होना, तेज बुखार आना, बुखार कम होने पर शरीर में चकते हो जाना। ध्यान रखें कि ये चकते चेहरे से शुरू होते हैं और फिर पूरे शरीर में हो जाते हैं और फिर इनमें खुजली और दर्द होता है।
कैसे कर सकते हैं बचाव ?
सबसे पहले तो आपको लक्षणों की पहचान करनी होती है और फिर ऐसे व्यक्ति से दूरी बनाना जरूरी है। आप संक्रमित व्यक्ति को अलग रख सकते हैं। पूरी तरह सफाई का ध्यान रखें और हाथों को बार-बार धोएं। अपने डॉक्टर से संपर्क करें और वैक्सीन जरूर लगवाएं।