मंडी। शहर और साथ लगते कोटली क्षेत्र में दो आग की घटनाओं में लाखों का नुकसान हुआ है। कोटली के कसाल में आतिशबाजी से दो कमरों का स्लेटपोश मकान आग की भेंट गया, जबकि मंडी शहर के साथ लगते बिंदरावणी में कबाड़ दुकान में आग भड़क गई। अग्निशमन विभाग मंडी की मुस्तैदी से आग पर काबू पाते हुए लाखों के सामान को जलने से बचा लिया गया।सोमवार सुबह करीब 11 बजे मंडी-पंडोह मार्ग पर शहर से 10 किलोमीटर दूर बिंदराबणी गांव में कबाड़ की दुकान में आग लग गई। नरेश कुमार कबाड़ की दुकान करता है और साथ ही उसकी रिहायश भी है। सुबह अचानक आग सुलगने पर अग्निशमन कार्यालय में दूरभाष से घटना की सूचना मिली। इस पर तुंरत कार्रवाई करते हुए दो फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। मशक्कत के बाद आग को काबू किया गया। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ठाकर दास ने बताया कि ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब दो बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दुकान में रखी कबाड़ की बाइक, स्कूटी और अन्य सामान जल गया। इनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि लगभग 25 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया है। आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। सदर पुलिस दल ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लेते हुए दुकान मालिक और आस पास के लोगों से बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं आग की दूसरी घटना दिवाली की रात करीब नौ बजे की है। कोटली क्षेत्र के कसाण गांव में आतिशबाजी से दो कमरों के स्लेटपोश मकान में आग लगने की अग्निशमन विभाग को रात करीब साढ़े नौ बजे सूचना दी गई। विभागीय कर्मचारियों ने एक फायर टेंडर सहित मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने से प्रभावित सुभाष चंद पुत्र स्व नाथू राम गांव कसाण डाकघर साइगलू कोटली को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन मकान में रखा फर्नीचर, राशन पानी और 25 हजार रुपये की नकदी सहित अन्य सामान जलकर राख हुआ है। कोटली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना का जायजा लिया है । आग पर काबू पाने वाले कर्मचारियों में उप अग्निशमन अधिकारी मनीष कुमार, चालक टेक चंद, प्रशामक जयपाल, प्रशाासक दया राम, गृह रक्षा प्रशामक चेतराम, संजय कुमार मौजूद रहे।