जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में रविवार दोपहर दो बजे से लगातार हुई बारिश के चलते मंडी-पठानकोट उच्च मार्ग, जोगिंद्रनगर-सरकाघाट समेत अन्य संपर्क सड़कों पर जलभराव हो गया। सड़कें तालाब में तब्दील होने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। नालियां अवरुद्ध होने के कारण बारिश का पानी उछलकर घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लोगों का सामान खराब हो गया।
मंडी-पठानकोट उच्च मार्ग और रेलवे स्टेशन के समीप जलभराव से कुछ देर वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं, पानी के साथ आए मलबे के कारण दोपहिया वाहन चालकों को आवाजाही में दिक्कत हुई। देर शाम तक बारिश जारी रही। प्रशासन के अनुसार, किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।