गोहर (मंडी)। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को थाची और सोमगाड़ पंचायतों में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस अवसर पर थाची में जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता सराज में हार पहनाकर लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हार पहनाकर लोगों के दिल नहीं जीते जाते, बल्कि जमीन पर काम करने से जीते जाते हैं। सराज में एक नेता बोल रहा मैं सुक्खू का खास हूं तो दूसरा कह रहा मैं खास हूं। कौन खास है वह नहीं जानते हैं यह तो सुक्खू ही जाने।
उन्होंने कहा कि आपदा के जख्मों को भरना नामुमकिन है, लेकिन सरकार के न रहते हुए भी पीड़ित लोगों की हरसंभव मदद उन्होंने की है। सराज के लोगों की मदद का दौर निरंतर जारी रहेगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलकर राज किया है और यह ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है। कांग्रेस के कुछ मित्र यह कह रहे हैं कि जयराम ने सराज में काम किया। सराज में उन्होंने अगर काम किया है तो वह उनकी जिम्मेवारी थी।