बग्गी (मंडी)। चिट्टा के खिलाफ नाचन विधानसभा क्षेत्र की पंचायतें भी एकजुट होने लगी हैं। सोमवार को सलवाहन पंचायत में चिट्टा के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए रणनीति तैयार की गई। पंचायत प्रधान पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कृषि विभाग के परियोजना उपनिदेशक डॉ. संजय ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में चिट्टा के खिलाफ मुहिम चलाने का निर्णय लिया। निर्णय लिया कि पंचायत का यदि कोई व्यक्ति चिट्टा के मामले में संलिप्त पाया जाता है तो उसे पंचायत के सभी अधिकारों से वंचित कर दिया जाएगा। पंचायत में चिट्टा के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए एक कमेटी का भी गठन किया। इसमें ममता को प्रधान, कौरा देवी को उपप्रधान तथा प्रेम सिंह, रामशरण और चंद्रमणि को मुख्य सलाहकार मनोनीत किया गया।
चिट्टा के खिलाफ आयोजित बैठक में हाटेश्वरी महिला मंडल पाली, शिव शक्ति महिला मंडल सलवाहन, शनि देव महिला मंडल राव, महालक्ष्मी महिला मंडल चुनाहन और महिला मंडल सलवाहन की सदस्यों के अलावा पंचायत प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने भाग लिया। इस बैठक में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर संदीप चौहान सहित पंचायत के कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद