जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल में बारिश से खड्डों और नालों में उफान रहा। इससे लोग सहम गए हैं। लोअर आरठी और पस्सल में बिजली गिरने से हुए नुकसान के बाद अब पिपली पंचायत की कुराटी-ढगौण सड़क पर भूस्खलन होने से दस गांवों के लिए वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। लोअर पिपली, फोगला, भरमेरा, कुराटी, ढगौण के लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। परिवहन निगम की बसों की आवाजाही भी प्रभावित है। मुख्य सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से विद्यार्थी भी पैदल ही स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं।
बारिश से ढगौण के समीप सड़क धंस गई है। रविवार को लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त सड़क को बहाल करने का कार्य जारी रहा। लोक निर्माण विभाग डिवीजन जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता जेपी नायक ने बताया कि बारिश और भूस्खलन से संपर्क सड़क भ्रां-सिमस-गवाला, सियूण-भराड़पट्ट-गंगोटी, द्रुब्बल-बनवार, एहजू-बसाही, बडोण-पिपली, त्रैंबली-रोपड़ी क्षतिग्रस्त हुई हैं। वाहनों की आवाजाही सुचारु करने को लेकर लोक निर्माण विभाग के मजदूर और मशीनरी रविवार को भी तैनात रहे। संवाद