संधोल (मंडी)। संधोल में राज्य स्तरीय जूनियर वाॅलीबाल प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ। लड़कियों के वर्ग में जुब्बल की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। फाइनल में जुब्बल की टीम ने किन्नौर की टीम को पराजित किया। तीसरे स्थान पर सिरमौर की टीम रही। मैच को देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
लड़कों के वर्ग में खेलो इंडिया सेंटर संधोल की टीम विजेता रही। फाइनल में संधोल की टीम ने खेल छात्रावास रोहड़ू की टीम को पराजित किया। समापन समारोह में पूर्व मंत्री एवं भारतीय वाॅलीबाल संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है और ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बड़ा मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर बलवंत सिंह, निदेशक केसीसी बैंक, विद्या सागर, पूर्व कोच भारतीय वॉलीबाल टीम, कर्नल खेम सिंह, रजत ठाकुर, शैलेंद्र शर्मा मौजूद रहे। संवाद