भंतरेहड़ में आतिशबाजी घर में घुसी, सवा लाख की संपत्ति राख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंडी। जिला में पटाखों से आग लगने का सिलसिला अभी थमा नहीं है। सोमवार रात को जिले की उपतहसील डैहर के भंतरेहड़ गांव में दो मंजिला मकान में आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग मकान में आतिशबाजी के घुसने से लगी। जिससे प्रभावित परिवार की सवा लाख से अधिक की संपत्ति राख हो गई है। प्रशासन की ओर से हलका पटवारी ने मौके का जायजा लेकर नुकसान का आकलन कर लिया है। जानकारी के अनुसार उपतहसील डैहर की बरोटी पंचायत के भंतरेहड़ गांव में राजेश कुमार पुत्र सुंदरलाल के घर में सोमवार रात 10 बजे अचानक आग लग गई। दो मंजिला मकान की ऊपरी मंजिल के कमरे में पुराने घर की रखी गई इमारती लकड़ी आग से राख हो गई।
आग से कमरे के दरवाजे व खिड़कियां भी पूरी तरह से जल गए हैं। इसके अलावा मकान के साथ रखा घास भी जल गया। आग लगने का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही ग्रामीण राहत कार्य में जुट गए। राजेंद्र कुमार का मकान गांव के बीचोंबीच था। जिस कारण फायर बिग्रेड के कर्मी भी मकान तक गाड़ी सहित नहीं पहुंच सके। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक मकान का एक कमरा और उसमें रखी एक लाख से अधिक की इमारती लकड़ी जल कर राख हो गई। हालांकि, ग्रामीणों की मदद से लाखों की संपत्ति को आग से बचा लिया गया। हलका पटवारी राजपाल चंदेल ने कहा कि घटनास्थल का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार की सवा लाख की संपत्ति जल गई है। ग्रामीणों की मदद से लाखों रुपये की संपत्ति को बचाया गया है। उधर, ग्राम पंचायत प्रधान लेख राम भारद्वाज ने प्रभावित परिवार के लिए प्रदेश सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है।