नप नेरचौक पर कांग्रेस-भाजपा 50-50
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंडी। नगर परिषद नेरचौक के चुनाव परिणाम में भाजपा और कांग्रेस बराबरी पर आ गई है। रविवार को सात वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा ने चार में जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस ने दो और एक निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। नप नेरचौक के कुल 11 वार्डों में से सात के लिए रविवार को पोलिंग हुई है। यहां पर पूर्व में हुए चुनावों में चार वार्डों में से तीन में कांग्रेस प्रत्याशी काबिज हैं। जिससे रविवार को हुए सात वार्डों के चुनाव में भाजपा ने चार में लीड हासिल कर मुकाबला बराबरी पर ला लिया है। अब निर्दलीय प्रत्याशी जिस दल को समर्थन देगा, उसी दल का परचम नप नेरचौक पर लहराएगा। पूर्व में हुए चुनावों में कांग्रेस पार्टी के रती, नेर-1, नेर-2 वार्ड में प्रत्याशी काबिज हैं। इसके अलावा भंगरोटू वार्ड से बीजेपी का प्रत्याशी सत्ता में है।
रविवार को सात वार्डों में हुई पोलिंग में चार में भाजपा ने जीत का परचम फहराया। नगर परिषद नेरचौक के सात वार्डों में वार्ड नंबर दो ढांगू में नौ प्रत्याशी मैदान में थे। यहां पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी चेत सिंह ने 211 मत हासिल कर अन्य आठ उम्मीदवारों को मात दी। इस वार्ड में संतराम को कुल 195 मत पड़े। इसके अलावा सात प्रत्याशी महज 60 मतों से नीचे ही सिमट गए। यहां पर पांच लोगों ने नोटा बटन दबाया। वार्ड नंबर तीन धड़वाहन में तीन उम्मीदवार मैदान में थे। यहां पर बीजेपी प्रत्याशी ने दो अन्य प्रत्याशियों को मात दी। निर्मला देवी ने कुल 389, भूमि देवी 324, शीला देवी को 324 मत पड़े। वहीं, नौ मतदाताओं ने नोटा बटन दबाया। वार्ड नंबर सात नागचला में चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। यहां पर निर्दलीय प्रत्याशी लता कुमारी ने सबसे ज्यादा 313 मत हासिल किए।
अन्य तीन उम्मीदवारों सुकन्या को 215, गिरिजा देवी को 151, किरण को 129 मत मिले। वार्ड आठ मझयाटल में चार प्रत्याशी मैदान में थे। यहां पर भाजपा समर्थित सोनू ने सबसे ज्यादा 271 मत हासिल कर अन्य तीन प्रत्याशियों को मात दी। यहां रमा देवी को 185, अंजना कुमारी को 183 और शकुतंला को 106 मत पड़े। इस वार्ड में 16 मतदाताओं ने नोटा बटन दबाया। वार्ड नंबर नौ कंसा में सात उम्मीदवार मैदान में थे। यहां पर कांग्रेस प्रत्याशी सुमन चौधरी ने 222 मत लेकर जीत हासिल किया। इस वार्ड में अन्य सात प्रत्याशियों अर्चना को 36, एकता को 153, दिनेश को 17, विमला देवी को 156, रमा देवी को 141, रीता देवी को 177 मत पड़े। वहीं, आठ मतदाताओं ने नोटा बटन दबाया।
वार्ड नंबर ग्यारह स्योहली में पांच उम्मीदवार मैदान में थे। यहां पर भाजपा समर्थित उम्मीदवार रामकृष्ण ने 348 हासिल कर अन्य चार प्रत्याशियों को मात दी। यहां पर कृष्ण चंद ने 138, खजाना राम ने 96, जीवन लाल ने दो, मेला राम ने 29 मत हासिल किए। इसके अलावा 10 मतदाताओं ने नोट बटन दबाया। वार्ड नंबर दस डडौर से चार उम्मीदवार मैदान में थे। यहां पर कांग्रेस के प्रत्याशी आलम राम ने अन्य तीन प्रत्याशियों को मात दी। यहां पर राजेंद्र को 220, रवि सिंह को 46, राज कुमार को दो मत पड़े। वहीं, छह मतदाताओं ने नोटा बटन दबाया।