हमीरपुर। सिंथेटिक ट्रैक अणु में शनिवार से शुरू हुई थल सेना की अग्निवीर भर्ती के फिजिकल टेस्ट में पहले दिन करीब 550 युवाओं ने भाग लिया। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अभ्यर्थियों की 1600 मीटर दौड़ के अलावा पुलअप, लंबी कूद, ऊंची कूद और जिग-जैग बैलेंस का परीक्षण किया गया। इस दौरान अभ्यर्थियों की लंबाई, वजन और छाती का माप भी लिया गया।
दूसरे दिन के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों का मैदान में प्रवेश रविवार तड़के शुरू होगा। भर्ती स्थल पर फिजिकल टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और दस्तावेजों की जांच के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। बाहरी लोगों को मैदान में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। फिजिकल टेस्ट के दौरान प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी कड़े प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से भर्ती के नाम पर किसी भी तरह के प्रलोभन या प्रभाव में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती कार्यालय भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।