बालीचौकी (मंडी)। विधानसभा चुनाव 2017 में सराज से भाजपा के प्रत्याशी जयराम ठाकुर की पांचवीं बार जीत की खुशी में बालीचौकी में विजय रैली निकालकर जश्न मनाया गया। जयराम ठाकुर की ऐतिहासिक जीत के बाद लोगों ने बालीचौकी में डीजे की धुनों पर खूब धमाल मचाया। सैकड़ों लोगों ने इस रैली में भाग लिया और जश्न मनाया। जोर-शोर से नारों के साथ जयराम ठाकुर का नाम बालीचौकी ही नहीं घाटी की गाड़ागुशैणी, थाची पंजाई, जेहरा खोली, थाटा सहित अन्य गांवों में भी गूंजा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को मिठाई खिलाकर और पटाखे फोड़कर खुशी का इजहार किया। जयराम ठाकुर ने 11254 वोट हासिल कर ऐतिहासिक जीत हासिल की है। वहीं, अब लोगों में उन्हें सीएम बनाने का भी जुनून है। आज तक मंडी से कोई भी सीएम नहीं बना है इसलिए, यहां से सीएम बनाने के लिए सराज के साथ साथ पूरे जिले में लोग आवाज उठाने लगे हैं। मंडल अध्यक्ष सराज शेर सिंह, सराज सोशल मीडिया प्रभारी ललित कुमार, देवेंद्र कुमार, नवीन शर्मा, जोगिंद्र सिंह, दीपक शर्मा, गोपाल ठाकुर, जीवन शर्मा, विजय कपूर, सन्नी ठाकुर, गोपू ठाकुर, महेश ठाकुर, पीर सिंह भारद्वाज, बलदेव शर्मा, पंचायत प्रधान चंपा ठाकुर, दलीप सिंह ठाकुर आदि ने भाजपा हाईकमान से सराज के विधायक जयराम ठाकुर को सीएम बनाने की गुहार लगाई है।