सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने के साथ ही सैलानियों का रुख तेजी से पहाड़ों की ओर हो गया है। खासकर मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए अटल टनल रोहतांग और कोकसर प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनकर उभर रहे हैं। यहां हर दिन हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। मनाली पहुंचने के बाद सैलानियों की पहली पसंद अटल टनल रोहतांग बन गई है। रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचकर टनल का दीदार कर रहे हैं। वहीं, बर्फ का आनंद लेने के लिए सुबह दस बजे से शाम तक सैलानी कोकसर का रुख कर रहे हैं। बुधवार को भी कोकसर पहुंचकर पर्यटक बर्फ में जमकर मस्ती करते हुए नजर आए। यहां वे स्कीइंग, ट्यूब स्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का दिनभर आनंद लेते रहे। अधिक बर्फ देखने के इच्छुक पर्यटक एटीवी की सवारी कर कोकसर से करीब दो किलोमीटर आगे तक पहुंचे और यहां बर्फ की मोटी चादर का दीदार किया। इन पलों को अपने कैमरे और मोबाइल फोन में भी कैद करते रहे।
इसके अलावा कुछ सैलानी बंजी जंपिंग और जोरबिंग बॉल का भी लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं। कोकसर में फूड वेंडर और फास्ट फूड कॉर्नर पर भी पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। पर्यटन कारोबार से जुड़े स्थानीय कारोबारी सोनम, छेरिंग, दावा, प्रदेयो और चिंटू ने बताया कि कोकसर में हर दिन पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। उनका कहना है कि मई-जून में सैलानियों की आमद और अधिक बढ़ने की उम्मीद है जिससे उनका करोबार यौवन पर लौटेगा।