कुल्लू। नए साल का जश्न मनाने के लिए मनाली पहुंचे सैलानियों से सोलंगनाला, फातरू और नेहरू कुंड गुलजार हो गए। हालांकि पर्यटकों की भारी भीड़ होने पर पुलिस ने पहले ही कमर कस रखी है। बावजूद इसके मनाली और मणिकर्ण घाटी में पर्यटक वाहन सड़क पर रेंगते नजर आए। हालांकि लंबे जाम से सैलानियों को राहत मिली है। मनाली पहुंचने वाले पर्यटकों की पहली पसंद अटल टनल रोहतांग बनी है, फिर भी हजारों सैलानियों ने सोलंगनाला में बर्फ का लुत्फ उठाया। पर्यटकों ने सोलंगनाला में स्कीइंग, घुड़सवारी, याक सवारी, स्नो स्कूटर और पैराग्लाइडिंग का भी लुत्फ उठा रहे हैं। इसके अलावा नेहरू कुंड, अंजनी महादेव, गुलाबा तथा फातरू में भी खूब जमावड़ा लग रहा है। मनाली के अलावा मणिकर्ण, तीर्थन और जिभी घाटी में नए साल पर होटल और होम स्टे पूरी तरह से पैक रहे। वहीं, पर्यटन निगम के होटलों में अगले दो तीन दिन तक ऑक्यूपेंसी 100 फीसदी है। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि बर्फबारी से मनाली के पर्यटन को पंख लगे हैं और कारोबारी गदगद हैं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस से लेकर नववर्ष तक पूरी मनाली सैलानियों से पैक रही। उन्होंने कहा कि कई वर्षों बाद मनाली में ऐसी रौनक देखी गई। उन्होंने जनवरी माह में भी विंटर सीजन के गति पकड़ने की उम्मीद जताई है। पर्यटन निगम मनाली के डीजीएम अनिल तनेजा ने कहा कि क्रिसमस से लेकर नए साल तक पर्यटन कारोबार अच्छा रहा है। उन्होंने कहा कि अब मनाली का पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटता हुआ नजर आ रहा है।