कुल्लू। शहर में दोपहर को तेज तूफान ने लोगों के घरों और प्रदर्शनी मैदान में सजे व्यापारियों की छतें उड़ा दी, जबकि कई जगहों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर आ गिरीं। इससे कई जगहों पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। हालांकि जिले में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जिले में दोहपर के समय ही रात जैसा अंधेरा छा गया। वाहन चालकों को अपनी-अपनी गाड़ियों की लाइटें जलानी पड़ीं, जबकि तूफान से शहर में दो घंटे तक बत्ती गुल रही। वहीं, कुल्लू समेत बंजार और मनाली में कुछ देर जमकर बारिश हुई। इससे शहरवासियों ने गर्मी से थोड़ी सी राहत की सांस ली। कुल्लू शहर में मंगलवार को सुबह के समय धूप लगी रही। दोहपर बाद मौसम ने एकदम करवट बदली। दोपहर हो ही अंधेरा छा गया और तेज हवाएं चलने लगीं। इसी बीच हल्की बूंदें भी आसमान से बरसीं, जो किसानों के लिए लाभदायक है। हालांकि जिस बारिश का किसान-बागवान इंतजार कर रहे हैं, उतनी नहीं हुई है। वहीं, इस तूफान ने लोगों के घरों की छतों को नुकसान पहुंचाया है, जबकि कुल्लू के प्रदर्शनी मैदान में डटे व्यापारियों के टेंट भी उड़ गए। इस दौरान व्यापारी अपनी-अपनी तिरपालों को पकड़ने के लिए भागते रहे। उधर, किसान आलम चंद, केहर सिंह, योगराज, सुनील कुमार ने बताया कि हल्की बूंदाबांदी होने से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की उम्मीदों के अनुसार बारिश नहीं हुई। इससे खेतों में सूखे जैसे हालात हैं, फसलों को नुकसान हो रहा है।