मनाली (कुल्लू)। सावन माह संपन्न होते ही मनाली के गांवों में मेले शुरू हो गए हैं। घाटी के कुलंग, सोयल और बड़ाग्रां में शाउणी मेला मनाया जा रहा है। रविवार को कुलंग और सोयल में शाउणी मेले में देवी-देवताओं का भव्य मिलन हुआ। इसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
सोयल गांव में माता हिडिंबा कई वर्षों के बाद मेले में शरीक हुई हैं। 16 अगस्त को माता की भव्य शोभायात्रा ओल्ड मनाली से सोयल गांव के लिए निकली थी। इसके अलावा सजला से विष्णु और अन्य देवी-देवताओं का सोयल के जमलू देवता से भव्य मिलन हुआ। उधर, कुलंग गांव में भी मेला मनाया जा रहा है। कुलंग में जमलू देवता का शंख नारायण, कार्तिक स्वामी आदि देवताओं से मिलन हुआ। ग्रामीणों की ओर से यहां कुल्लवी नाटी डाली गई। पारंपरिक परिधानों में सजकर ग्रामीणों ने कुल्लवी नाटी डाली। बड़ाग्रां गांव में सोमवार को छोटा जबकि मंगलवार को बड़ा मेला मनाया जाएगा। संवाद