संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू में 12 से 14 साल के शत-प्रतिशत स्कूली बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज लगा दी है। इस आयु वर्ग के 16,330 में से 11,506 बच्चों को दूसरी डोज भी लग चुकी है। शेष 4,824 बच्चों को जल्द वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
विभाग ने वैक्सीनेशन अभियान को तेज कर दिया है। इस आयु वर्ग के बच्चों को 16 मार्च से वैक्सीन की डोज लगनी शुरू हुई थी। बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं होने के कारण वैक्सीनेशन अभियान बीच में धीमा पड़ गया था। विभाग ने अब परीक्षाएं समाप्त होते ही वैक्सीनेशन अभियान को गति प्रदान की है। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग ने 12 से 14 साल के स्कूली बच्चों का डाटा शिक्षा विभाग से प्राप्त किया है। शिक्षा विभाग से बच्चों का डाटा मिलने के बाद वैक्सीनेशन का माइक्रो प्लान तैयार किया गया। जिला कुल्लू में योजना के मुताबिक 16,330 बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। विभाग ने दो माह के भीतर ही इस लक्ष्य को पूरा कर लिया है। विभाग बच्चों को पहली डोज की तरह ही दूसरी डोज भी सरकारी व निजी स्कूलों में प्रदान करेगा। उधर, इस संबंध में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दोरजे अंगरूप ने कहा कि 12 से 14 साल के शत-प्रतिशत बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई है। अब सभी को दूसरी डोज भी लगा दी जाएगी।