केलांग। स्पीति घाटी के मुख्य मार्ग काजा-मनाली की बहाली धीमी गति से करने से खफा होकर शनिवार को काजा में स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण रोष रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर बहाली कार्य कर रही कंपनी गर्ग एंड संस के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। सड़क को जल्द बहाल करने की मांग उठाई।
रैली का नेतृत्व सामाजिक कार्यकर्ता केसंग रापचिक और युवाओं ने किया। इस दौरान स्पीति के होटल एसोसिएशन, होम स्टे एसोसिएशन, टैक्सी एसोसिएशन और व्यापार मंडल के सदस्य भी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस वर्ष कम बर्फबारी के बावजूदकंपनी की ओर से सड़क बहाली में लगातार ढिलाई बरती जा रही है, जो स्पीति के लोगों के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी मनमाने तरीके से काम कर रही है। संवाद