कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के लिए बुधवार को लगातार दूसरे दिन कलाकारों के ऑडिशन हुए। जिला कुल्लू के 90 कलाकारों ने गाने के लिए ऑडिशन दिया। इसके साथ ही 15 कलाकारों ने नृत्य पर भी अपनी प्रतिभा दिखाई। सुबह 10:00 बजे से कलाकारों का ऑडिशन शुरू हुआ, जो शाम 5:00 बजे तक चलता रहा। ऑडिशन में आने वाले कलाकारों ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गानों पर प्रस्तुति दी। कई प्रतिभागियों ने भजन से भी निर्णायकों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
आनी, मनाली, भुंतर और खराहल आदि क्षेत्रों के स्थानीय कलाकारों ने अपनी आवाज और कला का प्रदर्शन किया। इस दौरान कलाकार राजेश, निखिल, अंजली और संजय की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा। हालांकि ऑडिशन में पास होने वाले कलाकारों की सूची 16 अक्तूबर को ही जारी होगी। ऑडिशन देने आए हुए प्रतिभागियों में काफी उत्साह देखने को मिला। जज की भूमिका में डॉ. सूरत ठाकुर और एपीआरओ जय प्रकाश शर्मा आदि मौजूद रहे। इस संबंध में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि 13 अक्तूबर तक कुल्लू के कलाकारों को ऑडिशन में आने का मौका दिया जाएगा। 14 और 15 को बाहरी जिलों के कलाकारों का ऑडिशन लिया जाएगा।