मनाली में नवविवाहित जोड़े से गुंडागर्दी, भागकर बचाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पर्यटन नगरी मनाली में एक ट्रेवल एजेंट पर दिल्ली से हनीमून मनाने आए एक नवविवाहित जोड़े से गुंडागर्दी करने का आरोप लगा है। शिकायत करने टूरिस्ट इंफारमेशन सेंटर पहुंचे दंपति को उक्त एजेंट ने सरेआम पीट डाला। दंपति ने ट्रैफिक कंट्रोल में घुसकर अपनी जान बचाई। एसएचओ ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दिल्ली निवासी पंकज ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह दिल्ली कोर्ट में कार्यरत है। हाल ही में शादी के बाद ट्रेवल एजेंट के माध्यम से होटल बुक करवाकर मनाली हनीमून मनाने पहुंचा, लेकिन दावों के मुताबिक उन्हें सुविधा नहीं मिली। जब इस बारे में ट्रेवल एजेंट से बात की, तो वह भड़क गया और उनके साथ गाली गलौच तथा हाथापाई करने लगा। इस दंपति ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि इसकी शिकायत करने मनाली स्थित टूरिस्ट इनफॉरमेशन सेंटर पहुंचा।
ट्रेवल एजेंट को इसकी भनक लगते ही वह भी टूरिस्ट इनफॉरमेशन सेंटर पहुंच गया और उसने सैलानी दंपति से मारपीट शुरू कर दी। इस दंपति ने दौड़कर साथ लगते ट्रैफिक कंट्रोल रूम में घुसकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह यहां भी पहुंच गया। ट्रैफिक रूम में मौजूद पुलिस कर्मचारी ने बीच बचाव कर दंपति को उससे चंगुल से छुड़ाया। एसपी पद्म चंद ने बताया इस सिलसिले में अधीनस्थ अधिकारियों से रिपोर्ट तलब कर तथा कानून के अनुसार कार्रवाई करने को कहा है। दंपति न्याय के लिए एसडीएम मनाली के ऑफिस पहुंचा। एसडीएम ने पर्यटन विकास अधिकारी को अपने ऑफिस में तलब कर मामले की जानकारी ली। एसडीएम हेमराज बेरवा का कहना है कि सैलानी दंपति से हुआ व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने ट्रेवल एजेंसी का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की है। वहीं इस संबंध मेें पर्यटन विकास अधिकारी रत्न गौतम ने बताया कि वे मामले की छानबीन कर रहे हैं। ट्रेवल एजेंट के दोषी पाए जाने पर विभाग उसका लाइसेंस रद्द करने से गुरेज नहीं करेगा।