रोहतांग/मनाली। मौसम विभाग ने चार और पांच जनवरी को बर्फबारी की आशंका जताई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने भी सैलानियों और आम लोगों के लिए अलर्ट जारी किया है। सोमवार को भी शाम के बाद मौसम ने करवट ली और रोहतांग के साथ ऊंचे पहाड़ों में फाहे गिरे जिसे लाहौल व कुल्लू-मनाली में ठंड बढ़ गई है। वहीं सैलानियों ने सोलंगनाला के साथ अन्य स्नो प्वाइंटों में खूब मस्ती की।
जिला प्रशासन ने कहा कि मौसम को देखते हुए पर्यटक जिला के अति संवेदनशील इलाकों का रुख न करें। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि दो दिन कुल्लू जिला में मौसम खराब रहने का संभावना विभाग ले जताई है।
वहीं पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि बर्फबारी के कारण अटल टनल व लाहौल घाटी में सफर करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में पर्यटक व आम लोग मौसम को देखकर ही यात्रा करें। वहीं सोमवार देर शाम को रोहतांग दर्रा के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा, मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, घेपन पीक, छोटा शिगरी, बड़ा शिगरी ग्लेशियर, सीवी रेंज की पहाड़ियों में बर्फबारी हुई है।