गुशैणी (कुल्लू)। बंजार में लोक निर्माण विभाग की लेटलतीफी का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। विभाग खुंदन से चेत्थर तक पांच किलोमीटर सड़क में टारिंग करना भूल गया है। चेत्थर से आगे सड़क ग्राहों तक निकाली जा चुकी है।
चेत्थर से आगे नौ किलोमीटर में विभाग ने टारिंग कर दी है। पिछले हिस्से को छोड़ दिया है। खुंदन-चेत्थर के बीच सड़क में गड्ढों की भरमार से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान यहां वाहनों के पहिये भी थम रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। ग्रामीण आत्मा सिंह चौहान, चेत राम, खूब राम, नेत्र सिंह, चंपा देवी, सलोचना देवी ने कहा कि खुंदन से चेत्थर तक सड़क काफी पहले निकाली गई थी। चेत्थर से आगे की सड़क बाद में निकाली गई। सात साल पहले टारिंग की गई थी। अब टारिंग पूरी तरह से उखड़ गई है। लेकिन इसे ठीक करने में विभाग दिलचस्पी नहीं ले रहा है। पांच किलोमीटर का सफर काफी जोखिम भरा हो गया है। कई बार विभाग के अधिकारियों के ध्यान में समस्या लाई गई। इसके बावजूद टारिंग नहीं हो रही है। इस सड़क से शिल्ल, चेत्थर, खुंदन, तांदी आदि गांवों को सड़क से फायदा मिलता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द सड़क की टारिंग कर लोगों को राहत पहुंचाई जाए। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोशन लाल ठाकुर ने कहा कि सड़क में टारिंग के टेंडर हो चुके हैं। बरसात रुकते ही इस पर काम शुरू किया जाएगा।