चरस की तस्करी करते दो गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चरस तस्करी करने के आरोप में क्राइम ब्रांच ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 किलो चरस मिली है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.6 करोड़ रुपये कीमत आंकी गई है। क्राइम ब्रांच के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हिमाचल निवासी राजू और लीला ड्रग्स तस्करी में लिप्त है। दोनों ड्रग्स की खेप लेकर जीप से मोनेसटरी इलाके में आने वाले हैं। पुलिस उपायुक्त राजन भगत के नेतृत्व में टीम गठित की गई और बस अड्डा के पास मोनेसटरी में घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद वहां पहुंचे दो लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव चाहरी जिला कुल्लू निवासी राजू राम (41) और गांव कीटवाना जिला मंडी निवासी लीला नंद (24) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आठ किलो चरस मिली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हिमाचल की मंडी में एक ठेकेदार ने उन्हें चरस दी थी और इस खेप को दिल्ली में किसी शख्स को सौंपना था। पुलिस ने बताया कि राजू राम पेशे से टेंपो ड्राइवर था और कुल्लू के बाजार में सब्जी सप्लाई करता था। जल्द रुपये कमाने के लिए उसने ड्रग्स की तस्करी शुरू कर दी। वहीं लीला नंद भी पेशे से ड्राइवर है और राजू राम के संपर्क में आने के बाद ड्रग्स की तस्करी करने लगा।