रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के कोकसर में ढाबा चलाने वाले दंपती की संदिग्ध मौत होने का मामला सामने आया है। दोनों अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले हैं। दोनों की मौत कैसे हुई है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दोनों के शवां को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार नेपाली मूल के पालसंग लामा (48) पुत्र कांचा लामा निवासी टेशीथांग, तहसील तेलमो, जिला सिंधु नेपाल और उसकी पत्नी पासंग लामा (37) कई वर्षों से कोकसर में ढाबा चला रहे थे। कोकसर में शनिवार को इनका ढाबा काफी देर तक नहीं खुला। इसके बाद आसपास के लोगों को कुछ संदेह हुआ। लोगों ने इनका दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। कुछ गड़बड़ होने की आशंका के चलते स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोकसर चौकी से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जब कमरे के दरवाजे को खोला तो पाया गया कि अंदर पति-पत्नी मृत अवस्था में पड़े हुए थे। पुलिस ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के साथ बारीकी से निरीक्षण किया। उधर, पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने कहा कि दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए केलांग अस्पताल भेज दिए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिए जाएंगे। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।