{"_id":"57f7a10e4f1c1b6a5326f57c","slug":"adimistration-meeting-in-kullu","type":"story","status":"publish","title_hn":"दशहरे के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध, 9 को मॉक ड्रिल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दशहरे के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध, 9 को मॉक ड्रिल
कुल्लू
Updated Fri, 07 Oct 2016 09:58 PM IST
विज्ञापन
kullu devta
- फोटो : kullu devta
11 से 17 अक्तूबर तक मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं। पूरे कुल्लू शहर को 11 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी प्रबंधों की निगरानी के लिए हर सेक्टर में एक मैजिस्ट्रेट और एक डीएसपी स्तर का अधिकारी तैनात रहेगा। शुक्रवार को जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष में जिलाधीश युनूस की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। उत्सव के लिए एक व्यापक आपदा प्रबंधन योजना को अंतिम रूप दिया गया। इस बार दशहरा उत्सव में आपदा प्रबंधन के पहलू को भी प्रमुखता से शामिल किया जा रहा है।
विज्ञापन
बैठक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से दशहरा उत्सव के लिए एक आपदा प्रबंधन योजना का खाका भी पेश किया गया। उत्सव के सभी प्रबंधों को अंतिम रूप देने के बाद नौ अक्तूबर को दोपहर बाद ढाई बजे रथ मैदान में पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग, सभी विभाग, आईटीबीपी, एसएसबी और विभिन्न संस्थाएं मिलकर मॉक ड्रिल करेंगे। यह मॉक ड्रिल दशहरा उत्सव के दौरान संभावित खतरों से निपटने से संबंधित होगी। मॉक ड्रिल के दौरान मेला क्षेत्र के हर सैक्टर के संभावित खतरों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। बैठक में एसपी पद्म चंद ने भी दशहरा उत्सव के सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर सहायक आयुक्त डॉ. अमित गुलेरिया, एसडीएम कुल्लू रोहित राठौर, एसडीएम मनाली ज्योति राणा, एसडीएम बंजार एमआर भारद्वाज, कमांडेंट होमगार्ड निहाल चंद और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
विज्ञापन