बर्फ से निपटने की पूरी तैयारियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सर्दी में मौसम के मिजाज को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और एनएच अथॉरिटी अलर्ट हो गया है। विभाग और अथॉरिटी ने अपने करीब 1900 फील्ड स्टाफ कर्मचारियों की छुट्टियां को रद्द कर मार्च माह तक अवकाश पर न जाने को कहा है। मौसम विभाग के अलर्ट और घाटी में मौसम की स्थिति को भांपते हुए लोनिवि कुल्लू सर्कल ने विभाग के सभी डिवीजनों को यह आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि जनवरी माह का पहला सप्ताह चल है लेकिन अभी तक घाटी में बर्फबारी नहीं हुई है ओर न ही अभी तक कोई मार्ग बंद चल रहे हैं। लोक निर्माण विभाग सर्कल कुल्लू के अधीक्षण अभियंता ललित भूषण ने कहा कि सर्दी केे मौसम में बर्फबारी होने पर घाटी के अधिकतर सड़क मार्ग यातायात के लिए बंद हो जाते हैं। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए लोनिवि ने कमर कस ली है और इसके बारे में सर्कल के सभी डिविजन अधिकारियों को तैयार रहने को कहा गया है। विभाग के बर्फ हटाने के लिए पर्याप्त मशीनरी है। जरूरत पड़ने पर निजी क्षेत्र के अतिरिक्त मशीनरी को हायर किया जाएगा।
उनके पास कुल्लू-1, कुल्लू-2 तथा जनजातीय जिला लाहौल डिविजन में 1300 फील्ड स्टाफ, 52 कनिष्ठ अभियंता तथा 16 सहायक अभियंता कार्यरत हैं। उधर, जिला के बाह्य सराज आनी-निरमंड डिविजन में भी 400 के करीब स्टाफ है। एनएच अथॉरिटी ने भी एनएच-21 तथा एनएच-305 मेें करीब 100 कर्मियों को छुट्टी पर नहीं जाने के आदेश दिए हैं। एनएच-305 के सहायक अभियंता विनोद शर्मा ने कहा कि औट-बंजार-सैंज हाईवे को समय रहते बहाल करने के लिए कर्मचारियों को मशीनरी के साथ अलर्ट रहने को कहा गया है। सर्दी में बर्फबारी से लोनिवि कुल्लू सर्कल और एनएच अथॉरिटी की करीब 150 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो जाती है। बर्फबारी से लाहौल मंडल के अलावा बंजार के बठाहड़, तीन कोठी, सैंज, मणिकर्ण, लगवैली तथा ऊझी घाटी के साथ रघुपुर और निरमंड का पंद्रह-बीस क्षेत्र अधिक प्रभावित हो जाता है। इसके अलावा हाईवे-305 के बंद होने से बाह्य सराज की 58 पंचायतों की सवा लाख आबादी का संपर्क जिला मुख्यालय से कटने के साथ एनएच-21 पतलीकूहल से आगे बंद होने से आमजन के साथ सैलानियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।