रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में जिला परिषद वार्ड सिस्सू के उपचुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ। मतदान करीब 53 प्रतिशत रहा। मतदान सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक हुआ। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला पंचायत अधिकारी लाहौल स्पीति सचिन ठाकुर ने बताया कि सिस्सू वार्ड की चार ग्राम पंचायतों कोकसर, सिस्सू, खंगसर और गोंधला में हुए उपचुनाव के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए थे।
सिस्सू वार्ड में शामिल चार ग्राम पंचायतों में कुल 2363 मतदाता हैं। इसमें पुरुष मतदाता 1187 और महिला मतदाताओं की संख्या 1176 है। उपचुनाव में 1247 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। पुरुष मतदाताओं की संख्या 673 रही और 574 महिला मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। कहा कि मतों की गणना 30 सितंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सिस्सू वार्ड से जिला परिषद सदस्य का पद अनुराधा राणा के विधायक बनने से खाली हो गया था। जिला कुल्लू की बल्ह-दो पंचायत में भी उपप्रधान पद का उपचुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। संवाद