रोहतांग (लाहौल-स्पीति)। खराब मौसम के बीच शनिवार को मनाली से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पोर्टल पहुंचे पर्यटक वाहनों का वापस मनाली भेजा गया। इनमें 50 वाहन लाहौल के सिस्सू और 200 वाहनों को अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बर्फबारी के बीच वापस भेजा गया। शनिवार करीब 10 बजे से नॉर्थ पोर्टल और सिस्सू में बर्फबारी शुरू होने पर पुलिस ने सैलानियों की सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है।
वहीं मौसम के मिजाज को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों ने सिस्सू और नार्थ पोर्टल जाने वाले अन्य पर्यटक वाहनों को सोलंगनाला में ही रोक दिया। इस दौरान बर्फ के फाहों में साउथ पोर्टल में सड़क पर बर्फ और फिसलन भरी होने से धुंधी से सोलंगनाला तक सैलानियों के वाहन घंटों जाम में फंसे रहे। जाम से निपटने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए सभी वाहन चालकों को सोलंगनाला और धुंधी से वापस मुड़ने के निर्देश दिए और आपातकाल स्थिति में केवल फॉर बाई फॉर वाहनों को घाटी में प्रवेश करने को कहा है। नए साल के बाद से मनाली माल रोड सहित सोलंगनाला, अंजनी महादेव, धुंधी, साउथ पोर्टल सहित सभी पर्यटन स्थलों में सैलानियों की भीड़ देखने को मिल रही है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने कहा कि पर्यटक और आम लोग मौसम को देखकर आवाजाही करें। उन्होंने कहा कि सोलंगनाला से आगे पर्यटकों की मूवमेंट को एहतियातन रोक दिया है।