धर्मशाला। पुलिस थाना धर्मशाला के तहत आते क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में शुक्रवार देररात डिस्पेंसरी का दरवाजा तोड़ चोरी हुए 1,000 कैप्सूलों के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस की जांच जारी है। शनिवार को अस्पताल से सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर पुलिस ने अज्ञात लोगों की सीसीटीवी फुटेज निकाली थी। इसको लेकर पुलिस की टीम ने रविवार को भी इन लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी रखा, लेकिन देर शाम तक पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। अस्पताल प्रशासन ने भी इस दौरान रात्रि ड्यूटी करने वाले दो सुरक्षा कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक हैरान करने की बात यह है कि इन अज्ञात चोरों ने उन्हीं कैप्सूलों की चोरी की है, जो नशायुक्त हैं। ऐसे में अब पुलिस की शक की सुई इस तरफ घूम रही है कि ये अज्ञात नशे का सेवन करते हैं या कारोबारी हैं। उधर, पुलिस थाना धर्मशाला प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पुलिस की ओर से इन अज्ञात चोरों की तलाश जारी है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से इस घटना के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दो सुरक्षाकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा है। इन चोरों ने वही दवाइयां उड़ाई हैं, जो नशे से संबंधित होती हैं। हालांकि प्रशासन की तरफ से भी अपने स्तर पर जांच की जा रही है। - डॉ. अजय दत्ता, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला।