ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी के कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक कार बिना चालक के चलती हुई 50 मीटर तक आ गई। गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार नादौन से आती हुई एक कार ज्वालामुखी गर्ल्स स्कूल के पास बिना चालक के दिखाई दे रही थी, जिसे स्थानीय दुकानदारों ने बड़ी मशक्कत से रोका। बताया जा रहा है कि कार चालक हार्ट अटैक आने के कारण चलती कार की सीट पर ही लुढ़क गया था और कार धीरे-धीरे सड़क पर सरकती चली आ रही थी, लेकिन चालक की होशियारी के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। क्योंकि कार चालक जो कि स्वयं कार का मालिक भी है, उसने चलती हुई गाड़ी तो बंद कर दी लेकिन हैंडब्रेक नहीं लगा सका। पूर्व नगर पार्षद सुखबिंदर सिंह, सदन सिंह ठाकुर, प्रताप सिंह, शिव कुमार संजू आदि दुकानदारों ने देखा कि कार बिना चालक के चल रही है तो उन्होंने बड़ी मुश्किल से कार के आगे पत्थर लगाकर इसे रोका। जब दुकानदारों ने देखा कि चालक कार के अंदर ही साथ वाली सीट पर लुढ़का हुआ है और उसका शरीर कांप रहा है। इतने में दुकानदार समझ गए कि कार चालक को हार्ट अटैक आया है। दुकानदारों ने इंसानियत का परिचय देते हुए कार चालक को सिविल अस्पताल पहुंचाया और वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद कार चालक को टांडा अस्पताल कांगड़ा रेफर कर दिया गया।