सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत सलूणी में ग्रामसभा की बैठक में खूब हंगामा हुआ। पंचायत प्रधान मान सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्थानीय युवा 2022-23 संबंधी आय-व्यय का ब्योरा पटल के समक्ष रखने की मांग पर अड़े रहे। हैरत की बात यहां ये रही कि पंचायत प्रबंधन की ओर से मनरेगा संबंधी आय-व्यय का ब्योरा पटल के समक्ष तो रख दिया गया लेकिन, 15वें वित्तायोग का ब्योरा न दिए जाने को लेकर युवा भड़क गए। युवाओं के हो-हल्ला करने पर पंचायत प्रधान भी दो बार बीच में ग्रामसभा की बैठक छोड़कर पंचायतघर से बाहर चले गए। इसके बाद बड़ी मशक्कत के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने उन्हें वापस बुलाया। आखिरकार करीब तीन घंटों तक चले इस हंगामे के बाद आखिरकार सायं पांच बजे के करीब 15वें वित्त आयोग का ब्योरा पटल के समक्ष रखने के बाद ही माहौल शांत हो पाया।
गौरतलब है कि पंचायतीराज विभाग की ओर से जिले में ग्रामसभाओं के आयोजन को लेकर शेड्यूल जारी किया गया है। इसी शेड्यूल के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत सलूणी में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा की बैठक में उपप्रधान अनिल कुमार, वार्ड सदस्य प्रवीण कुमार समेत ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामसभा में कोरम पूर्ण होने पर विभिन्न विकासात्मक कार्यों संबंधी शेल्फ डाले गए। इसके अलावा पंचायत में संपूर्ण स्वच्छता, मनरेगा शेल्फ संबंधी कार्य भी डाले गए। खैर, ग्रामसभा की बैठक में युवाओं के जागरूकता दिखाने से काफी देर तक खूब हो-हल्ला चलता रहा। आखिरकार देर शाम ग्रामसभा की बैठक संपन्न हो पाई।