पालमपुर (कांगड़ा)। भारत बंद को लेकर उपमंडल के सभी बाजार खुले रहे। भारत बंद का यहां कोई असर नहीं दिखा। लोग आराम से ख़रीदारी करते दिखे। हालांकि, किसान सभा के नेताओं, सीटू और सर्व समाज जनहित के नेताओं ने पालमपुर में रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की, जबकि इन लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकना चाहा तो पुलिस उसे छीन कर ले गई। किसान सभा और सीटू के नेताओं ने केंद्र सरकार से कहा कि कृषि को लेकर बनाए गए तीन कानूनों को सरकार वापस लिया जाए, ये काले कानून किसान विरोधी हैं। तीनों कृषि बिलों को निरस्त करने की मांग की। किसान सभा के जिला अध्यक्ष सतपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरजीत राणा, भवारना ब्लॉक के नेता राजेंद्र, सीटू के जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह, सीटू के वित्त सचिव अशोक कटोच, सीटू नेता बिट्टू ठाकुर, सर्व समाज जनहित मंच के प्रदेश अध्यक्ष भुवनेश सूद की अगुवाई में निकाली गई रैली में कई लोग मौजूद रहे। इन नेताओं ने किसान मजदूर संगठन ने आने वाले दिनों में सरकार की किसान और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन और तेज करने का ऐलान किया। वहीं भारत बंद के दौरान पालमपुर, भवारना, पंचरुखी, थुरल, जयसिंहपुर बाजारों समेत उपमंडल के सारे बाजार खुले रहे। वही, नगरी चचियां में भी भारत बंद के समर्थन में लोगों ने रैली निकाली। इस मौके पर कुलबीर चौधरी, बबलू, शम्मु, अजय, रितिक, सोनू, साहिल पंकज, राजेश और संतोष आदि मौजूद रहे।