गगल (कांगड़ा)। पुलिस थाना गगल के तहत गांव रछियालु के युवक पर गगल के युवक की ओर से किए गए जानलेवा हमले के तीन दिन बाद भी पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने पर रछियालु और सनौरा गांव के ग्रामीण गुस्से में हैं। उन्होंने शनिवार को गगल पुलिस का घेराव करते हुए पुलिस थाना प्रभारी व स्टाफ को हटाने की मांग भी की है।
पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आठ सितंबर की रात को गगल निवासी आरोपी सचिन ने रछियालु निवासी 22 वर्षीय रोहित के साथ लड़ाई झगड़ा करके उस पर जानलेवा हमला किया था। लेकिन तीन दिन तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न करने के कारण शनिवार को पीड़ित पक्ष ने गगल थाना का घेराव किया। वहीं मौके पर पहुंचे कांगड़ा के डीएसपी मदन धीमान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार हमले में गंभीर रूप से घायल हुए रोहित की हालत टांडा मेडिकल कॉलेज में चिंताजनक बनी हुई है। इस अवसर पर करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भारतीय , जिला परिषद सदस्य जोगिंदर सिंह उर्फ पंकू, गगल पंचायत की प्रधान रेनू पठानिया, रछियालु पंचायत की प्रधान संजू देवी ,उप प्रधान भुवनेश चड्ढा, सनौरा पंचायत की प्रधान सुनीता देवी सहित सैकड़ों लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।