बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर के नीचे खीर गंगा घाट के समीप बैजनाथ पपरोला नगर पंचायत की ओर से बनाई जा रही पार्किंग का कार्य पूरा हो गया है। अप्रैल माह में ही पार्किंग के उद्घाटन के बाद इसके क्रियान्वित होने की उम्मीद है। दो करोड़ 61 लाख की राशि से निर्मित इस पार्किंग में 150 से अधिक चोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
पार्किंग के नीचे की मंजिल में दोपहिया वाहनों को पार्क करने की व्यवस्था होगी। पार्किंग के निर्माण से मंदिर और खीर गंगा घाट आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। नगर पंचायत के तहत आने वाली इस पार्किंग के सुचारु होने पर नगर पंचायत की आय में भी वृद्धि होगी। पार्किंग के निर्माण के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन मंत्री सुधीर शर्मा ने राशि स्वीकृत की थी, लेकिन उसके बाद स्थान का चयन न होने के कारण पार्किंग का निर्माण संभव नहीं हो सका था। बाद में पार्किंग के निर्माण का कार्य वर्ष 2020 में शुरू हुआ और डेढ़ वर्ष में इसे पूरा कर लिया गया। कुछ लोगों का कहना है कि भैरव के समीप पार्किंग बनने से इसका सदुपयोग और अधिक बढ़ सकता था, लेकिन बाजार से दूर होने के कारण पार्किंग का उपयोग मात्र खीर गंगा घाट में आने वाले श्रद्धालु ही कर सकेंगे। नगर पंचायत के सचिव प्रदीप दीक्षित ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने बताया कि जल्द ही पार्किंग को जनता को समर्पित किया जाएगा।