नूरपुर/कंडवाल (कांगड़ा)। कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रदेश में बाहरी पर्यटकों पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। पुलिस कंडवाल से ही पर्यटकों को वापस भेज रही है। उनके वाहनों को प्रदेश में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। इसके अलावा नूरपुर पुलिस ने कंडवाल बैरियर, भदरोआ टोल टैक्स, ढांगूपीर, माजरा, मीलवां, शेखुपुरा, काठगढ़, तौकी, घरोटा, ठाकुरद्वारा, सुल्याली आदि बैरियरों पर पुलिस की तैनाती कर प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया गया है।
उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने पंजाब सीमा से सट्टे कंडवाल क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रशासन व पुलिस ने लोगों की सुरक्षा की दृष्टिगत किए गए उपायों का जायजा लिया। इस अवसर पर एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन, एसडीएम डॉ. सुरेन्द्र ठाकुर, डीएसपी डॉ. साहिल अरोड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। उपायुक्त ने कोरोना जैसी इस गंभीर बीमारी से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा की गई सभी तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी समय हमारे लिए ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से पार पाने के लिए प्रत्येक नागरिक का सक्रिय सहयोग बहुत जरूरी है। सीमांत राज्यों में इस बीमारी के कुछ मामले ध्यान में आने के कारण हमें इसके प्रति ओर अधिक सतर्कता बरतने के साथ-साथ संवेदनशील बनना जरूरी है। जिला के सभी प्रवेश द्वारों पर दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों की पूर्ण जांच करने के बाद ही उनका जिला में प्रवेश सुनिश्चित बनाया गया है। उन्होंने जिला की सीमा पर तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों को जिला की सीमा में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की कड़ी जांच सुनिश्चित बनाने व बाहरी राज्यों से आने वाले सभी पर्यटन वाहनों को तुरंत वापस लौटाने के भी निर्देश दिए। वहीं, विधायक नूरपुर राकेश पठानिया, एसडीएम नूरपुर भी ने कंडवाल बैरियर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। नूरपुर के डीएसपी ने बताया कि सुबह से लेकर देर सांय तक पंजाब, जम्मू-कश्मीर व अन्य राज्यों के नंबरों की गाड़ियों को जो हिमाचल में प्रवेश कर रही थीं, को कंडवाल बैरियर से ही वापिस कर दिया गया है।