इंदौरा (कांगड़ा)। साईं तकिया बाबा के तीन दिवसीय मेले के पहले दिन कमेटी ने दंगल का आयोजन किया। इस दौरान करीब 200 पहलवानों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कमेटी सदस्य जीवन सिंह, लियाकत अली, रहमत अली, जुम्मा, याकूब अली और जोगेश पाल ने बताया कि मुख्य मुकाबले में चंडीगढ़ के प्रवीण कुमार ने दिल्ली के प्रवीण कुमार को पटकनी देकर दंगल के विजेता का खिताब अपने नाम किया।
विजेता प्रवीण कुमार को 50 हजार रुपये नकद इनाम, जबकि उपविजेता दिल्ली के प्रवीण कुमार को 45 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया। कमेटी प्रधान मास्टर कुलदीप शर्मा ने बताया कि बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पंजाब के मशहूर कव्वाल गायक राजन अली अपनी कव्वालियों से समां बांधेंगे, जबकि आनंदपुर साहिब के प्रसिद्ध गायक पम्मा धूमेवाल अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। संवाद