Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Kangra News ›   Bir Billing Paragliding Accident Raises Safety Concerns After Fourth Incident in a Month

हिमाचल: आसमान में रोमांच, जमीन पर जिंदगी की जंग; बीड़-बिलिंग में एक माह में चौथा हादसा, कब थमेंगी घटनाएं?

Wed, 11 Nov 2026 01:19 PM IST
Ankesh Dogra तनुज सैणी, धर्मशाला।
तनुज सैणी, धर्मशाला। Published by: Ankesh Dogra Updated Wed, 11 Nov 2026 01:19 PM IST
सार

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में एक बार फिर हादसा हुआ है। टेंडम फ्लाइट के दौरान नोएडा का युवक शुभम करीब 150 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गया। 

विज्ञापन
Bir Billing Paragliding Accident Raises Safety Concerns After Fourth Incident in a Month
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : एआई।

विस्तार

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग का रोमांच एक बार फिर हादसे में बदल गया। मंगलवार को टेंडम पैराग्लाइडिंग फ्लाइट के दौरान नोएडा का युवक शुभम करीब 150 मीटर की ऊंचाई से नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि हादसा बड़ी गांव के ऊपर जंगल वाले क्षेत्र में हुआ। प्रारंभिक आशंका है कि युवक के पैरों को बांधने वाला पट्टा खुल गया था। घटना ने एक बार फिर उड़ान से पहले सुरक्षा उपकरणों की जांच और नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

एक माह में चौथा पैराग्लाइडिंग हादसा
बीड़-बिलिंग में लगातार सामने आ रही दुर्घटनाएं पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही हैं। एक माह के भीतर जिले में पैराग्लाइडिंग से जुड़ा यह चौथा हादसा बताया जा रहा है। इससे पहले भी यहां पर्यटकों और पायलटों के साथ दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना लाजिमी है। इससे पहले 21 नवंबर 2021 को भी सुरक्षा बेल्ट खुलने से हादसा हुआ था। उस घटना में नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के 26 वर्षीय संदीप चौधरी मकान की छत पर गिर गए थे और उनकी मौत हो गई थी। मौजूदा घटना ने उस हादसे की यादें फिर ताजा कर दी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

जिले में पहले भी हुए हैं कई गंभीर हादसे
कांगड़ा जिले में पैराग्लाइडिंग के दौरान पिछले वर्षों में कई हादसे सामने आ चुके हैं। इनमें पर्यटकों के साथ-साथ प्रशिक्षु और अनुभवी पायलट भी जान गंवा चुके हैं। वर्ष 2012 में अमेरिका के 75 वर्षीय पायलट रोन क्लाइट की उतराला की पहाड़ियों में मौत हुई थी। वर्ष 2015 में उज्बेकिस्तान के पायलट की लैंडिंग के दौरान दुर्घटना में जान गई थी। इसी साल यूनाइटेड किंगडम की स्काई फ्री फ्लाइंग के दौरान गिरने से घायल हुई थीं।
 
विज्ञापन

वर्ष 2016 में धौलाधार की पहाड़ियों में 11 केवी बिजली लाइन से टकराने के बाद रूस के पायलट की मौत हुई थी। वर्ष 2018 में सिंगापुर के एक पायलट और एक अन्य पर्यटक की मौत के मामले भी सामने आए। वर्ष 2020 और 2021 में भी टेंडम और प्रशिक्षण उड़ानों के दौरान जानलेवा दुर्घटनाएं हुईं। इसके बाद 2023 से 2026 तक भी जिले में पैराग्लाइडिंग हादसों में पर्यटकों और पायलटों की मौत की घटनाएं दर्ज की गई हैं।

हादसों के बाद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा जरूरी
बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के दौरान सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। मौजूदा घटना के बाद उड़ान से पहले हार्नेस, बेल्ट और अन्य उपकरणों की जांच को लेकर सख्ती की जरूरत महसूस की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और साइट पर तैनात अधिकारियों से भी मामले की जानकारी ली जाएगी।

कांगड़ा के जिला पर्यटन अधिकारी के अनुसार, बीड़-बिलिंग क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग के लिए पर्यटकों और पायलटों की सुरक्षा से जुड़े नियम निर्धारित हैं। पर्यटन विभाग में पंजीकृत पायलटों के साथ ही उड़ान की अनुमति है। पर्यटक उड़ान से पहले पायलट का लाइसेंस देखने का अधिकार भी रखते हैं।

पैराग्लाइडिंग के दौरान इन नियमों का पालन जरूरी
  • -टेंडम उड़ान के लिए पर्यटक का वजन सामान्य तौर पर 90 से 120 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। बच्चों के लिए न्यूनतम आयु से जुड़े निर्देशों का भी पालन जरूरी है।
  • एक पायलट को एक दिन में अधिकतम तीन टेंडम उड़ानें भरने की अनुमति है।
  • तेज हवाओं, बारिश, कम दृश्यता या प्रतिकूल मौसम में उड़ान भरना प्रतिबंधित है।
  • पैराग्लाइडिंग का समय सामान्य तौर पर सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक रहता है। यह सूरज डूबने से पहले और मौसम की स्थिति के अनुसार तय होता है।
  • उड़ान से पहले हार्नेस, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरण सही तरीके से पहनना जरूरी है। टेक-ऑफ और लैंडिंग के दौरान असमान जमीन पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
  • उड़ान शुरू करने से पहले सभी बकल और सीट बेल्ट की अच्छी तरह जांच की जानी चाहिए।

बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के रोमांच के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में लगातार हो रहे हादसे पर्यटन स्थल की छवि और पर्यटकों की सुरक्षा दोनों के लिए चिंता का विषय हैं। अब जरूरत इस बात की है कि हर उड़ान से पहले सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्य जांच हो और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed