धर्मशाला/ मुल्थान (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा के कई इलाकों में रविवार को भी बारिश हुई। इस दौरान कई जगह भूस्खलन हुआ। बरोट-घटासनी मुख्य सड़क रविवार को भी बंद रही। इससे क्षेत्र के लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। इससे पहले शनिवार को सड़क बंद रही थी।
जानकारी के अनुसार रविवार को बोचिंग, लचकनडी, टिकन ,देवता ढांक, सिला स्वाड, थालटू खोड सड़कें बंद रहीं। इस कारण इन सड़कों पर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि सुबह से ही लोक निर्माण विभाग की ओर से इन मार्गों पर जेसीबी मशीनें लगाकर सड़क मार्ग बहाल करने का प्रयास जारी रहा। वहीं शनिवार को बंद पड़ी बरोट-मियोट और मुल्थान-बड़ागांव सड़क को बहाल कर दिया गया है। हालांकि बोचिंग-रोलिंग सड़क रविवार को भी बंद रही।
उधर, लोक निर्माण विभाग झटिंगरी के कनिष्ठ अभियंता भगत राम ने बताया कि विभाग की ओर से रविवार सुबह से जेसीबी मशीनें लगाकर मलबे को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम 6 बजे तक सारी सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा।