Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष बोले- किसी का 1 किलो गोबर बिका नहीं और CM सुक्खू कहते हैं कि गारंटी हो गई पूरी
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसी का भी 1 किलो गोबर नहीं बिका और मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हमने गोबर खरीदने की गारंटी पूरी कर दी है।
विस्तार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में किसी का भी 1 किलो गोबर नहीं बिका और मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि हमने गोबर खरीदने की गारंटी पूरी कर दी है। प्रदेश के लोग यह जानना चाहते हैं कि यह गोबर किन लोगों का खरीदा गया है और गारंटी कैसे पूरी हुई है। इस तरह झूठ बोलकर सरकार चलाने वाले मुख्यमंत्री देश भर में कांग्रेस की बुरी हार के के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराते हैं। झूठ बोलकर सरकार चलाने और सरकार में रहकर झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड मुख्यमंत्री महोदय ने 2 साल से कम समय में ही तोड़ दिए हैं। पहले कहते हैं हमने गारंटी हैं कहां दी थी, अब कहते हैं की हमने गारंटियां पूरी कर दी है। उनकी बातें सुनकर प्रदेश के लोग अब पूछ रहे हैं कि वह गारंटिया किसकी पूरी हुई है? जिसके पूरा होने का दावा मुख्यमंत्री मीडिया समेत अन्य राजनीतिक मंचों पर करते हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने संविधान दिवस के मौके पर कहा कि भारत का लोकतंत्र दुनिया का सबसे बड़ा और मजबूत लोकतंत्र है। हमारे लोकतंत्र की बुनियाद हमारा संविधान है। इस संविधान में हर देशवासी को हक दिए हैं। संविधान द्वारा दिए गए हक हर भारतवासी को मिले इसके लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर संभव प्रयास किए हैं। भारत के संविधान के द्वारा प्रदत्त किए गए अधिकारों के सबसे बड़े संरक्षक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। जिन्होंने हर परिवार को घर, हर घर को शौचालय, बिजली, पानी, राशन, रोजगार के लिए प्रशिक्षण और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई है। भारतीय जनता पार्टी भारत के हर व्यक्ति को संविधान द्वारा प्रदत्त सभी अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। नरेंद्र मोदी के रहते हुए किसी के भी संवैधानिक हकों पर कोई भी व्यक्ति बाधा नहीं पहुंचा सकता है। उन्होंने देश के हर नागरिक को उच्च मानवीय अधिकार देने वाले संविधान के संविधान दिवस की सभी प्रदेश वासियों को बधाई दी।