HPRCA: जेओए लाइब्रेरी और मेडिकल लैब तकनीशियन भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
एचपीआरसीए ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) 78 पदों (पोस्ट कोड 25024) को भरने के लिए 25 अप्रैल को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) 78 पदों (पोस्ट कोड 25024) को भरने के लिए 25 अप्रैल को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि परीक्षा में उत्तीर्ण 159 उम्मीदवारों के दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया 6 जून को आयोग परिसर में होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा। उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर भी सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। दस्तावेज सत्यापन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
मेडिकल लैब तकनीशियन की परीक्षा का परिणाम घोषित
प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने मेडिकल लैब तकनीशियन ग्रेड-2 (पोस्ट कोड 25014) के पदों को भरने के लिए 25 अप्रैल को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीएडॉटएचपीडॉटजीओवीडॉटइन पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने कहा कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण दो उम्मीदवारों की दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 6 जून सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। उन्होंने कहा कि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
तकनीकी विवि : प्रवेश परीक्षा की फाइनल उत्तर कुंजी जारी
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने प्रवेश परीक्षा के सभी विषयों की फाइनल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। तकनीकी विश्वविद्यालय ने 9 और 10 मई को बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए, एमसीए सहित अन्य विषयों की प्रवेश परीक्षा ली थी। सभी विषयों की प्रवेश परीक्षा में 8,584 अभ्यर्थी बैठे थे। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक (अतिरिक्त कार्यभार) चिराग शर्मा ने कहा कि प्रवेश परीक्षा की फाइनल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। अभ्यर्थी तकनीकी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर फाइनल उत्तर कुंजी देख सकते हैं।