Himachal : मंत्री रोहित ठाकुर बोले- स्कूली विद्यार्थियों में किताबें पढ़ने की प्रवृत्ति बढ़ाएगा शिक्षा विभाग
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राज्य सचिवालय से एक मोबाइल लाइब्रेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 8 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत मोबाइल लाइब्रेरी प्रदेश के दस हजार प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में जाएगी।
विस्तार
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को राज्य सचिवालय से माई बुक माई स्टोरी अभियान की शुरुआत की। समग्र शिक्षा के तहत प्रारंभ किए गए अभियान का उद्देश्य बच्चों को पुस्तकों के प्रति आकर्षित करना और पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करना है। रोहित ठाकुर ने एक मोबाइल लाइब्रेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा, स्कूली शिक्षा निदेशक आशीष कोहली तथा समग्र शिक्षा के कोऑर्डिनेटर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
8 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत मोबाइल लाइब्रेरी प्रदेश के दस हजार प्राथमिक व मिडिल स्कूलों में जाएगी। इस दौरान सभी स्कूलों में बच्चों की उम्र के अनुसार किताबों का प्रदर्शन किया जाएगा और उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक दिन 15–20 मिनट का प्लेज रीडिंग टाइम होगा। सोमवार और शुक्रवार को रीड-अलाउड सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शिक्षक या विद्यार्थी कहानियां जोर से पढ़ेंगे और अन्य बच्चे उन्हें ध्यानपूर्वक सुनेंगे। शिक्षक, अभिभावकों और विद्यार्थियों को घर पर पढ़ने के लिए लिटरेसी क्लाउड से चुनी हुई कहानियों के लिंक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भेजे जाएंगे।

ये लिंक रूम टू रीड इंडिया ट्रस्ट की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे। एक सितंबर को रीड-ए-थॉन कार्यक्रम के तहत ड्रॉप एवरीथिंग एंड रीड गतिविधि आयोजित होगी, जिसमें सभी विद्यार्थी और शिक्षक एक ही समय पर किताबें पढ़ेंगे। इसके अतिरिक्त माई बुक माई स्टोरी अभियान के तहत बच्चों के जीवन पर पढ़ाई और बुनियादी साक्षरता के सकारात्मक असर को दर्शाने वाली तीन छोटी कहानियों के वीडियो भी बनाए जाएंगे, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में प्रदर्शित किया जाएगा। यह अभियान 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर संपन्न होगा।
समापन अवसर पर स्कूलों में विशेष कार्यक्रम होंगे, जिनमें पढ़ाई के महत्व पर चर्चा की जाएगी और सबसे अधिक किताबें पढ़ने वाले तथा नियमित रूप से लाइब्रेरी का उपयोग करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि माई बुक माई स्टोरी अभियान का मूल उद्देश्य बच्चों में किताबें पढ़ने की आदत को पुनर्जीवित करना है। यह चिंता का विषय है कि समय के साथ बच्चों की किताबों में रुचि कम होती जा रही है। आज शिक्षा में डिजिटल गैजेट्स का प्रयोग तेजी से बढ़ा है, लेकिन किताबों का महत्व और उनका अनुभव किसी भी आधुनिक तकनीक या गैजेट से प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता।
समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि यह अभियान बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अकसर देखा गया है कि बच्चे या तो किताबों में रुचि नहीं लेते या वे अपनी आयु के अनुरूप पुस्तकें नहीं पढ़ते। ऐसे में आवश्यक है कि बच्चों में उम्र के अनुसार उपयुक्त व आकर्षक पुस्तकें पढ़ने की रुचि उत्पन्न हो।