Himachal News: ऊना में दिनदहाड़े फायरिंग, सैलून में बाल कटवा रहे युवक की हत्या; पुलिस मामले की जांच में जुटी
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक सैलून में बाल कटवा रहा था, इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसे गोली मार दी। इस गोलीकांड में सैलून में बैठे एक अन्य युवक की भी गोली लगने से मौत हो गई है। जिसकी अभी शिनाख्त बाकी है।
विस्तार
जिला मुख्यालय ऊना से चार किलोमीटर दूर बसाल क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े दो बदमाशों ने सैलून में घुसकर एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी। बाइक पर आए दोनों हमलावरों में से एक ने बाल कटवाने सैलून पर पहुंचे राकेश कुमार उर्फ गग्गी को चार गोलियां मारीं। इसके बाद दोनों बदमाश दुकान के बाहर निकले और हवा में तीन फायर करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर हमलवारों की तलाश शुरू कर दी है। मृतक राकेश अमरीश राणा का करीबी बताया जा रहा है। उधर, वारदात के कुछ देर बाद हरियाणा की वेंकट गर्ग गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जिम्मेदारी ली है।
ऊना के अपर अरनियाला निवासी राकेश कुमार शराब ठेके पर काम करता था। रविवार को उसे किसी टूर्नामेंट में अतिथि के रूप में शामिल होना था। इससे पहले वह अपने कुछ दोस्तों के साथ चंडीगढ़-धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित एक सैलून में बाल कटवाने पहुंचा था। दोपहर करीब एक बजे वह दुकान में ड्रायर से बाल संवार ही रहा था कि बाइक पर दो युवक वहां पहुंचे। सिर पर हेलमेट पहने दोनों युवक सैलून में घुसे और एक ने राकेश पर एक के बाद एक चार गोलियां दाग दीं। ये गोलियां राकेश के सिर, गर्दन, पेट और हथेली में लगीं।
गोलियां लगने से राकेश लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गया। उसके बाद दोनों आरोपी दुकान से बाहर निकले और तीन बार हवाई फायर कर फरार हो गए। साथ आए दोस्त राकेश को लहुलूहान हालत में उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इस बीच, एसपी अमित यादव पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते वेंकट गर्ग गैंग ने वारदात को अंजाम दिया है। पता चला है कि करीब एक साल पहले राकेश और उसके साथियों ने वेकंट गर्ग गैंग के एक साथी को पीटा था। इसके बाद इनके बीच रंजिश थी।
हमारे साथियों को तंग कर रहा था राकेश : वेकंट गर्ग गैंग
वारदात के कुछ देर बाद सोशल मीडिया में हरियाणा की वेंकट गर्ग गैंग के सदस्यों ने हत्याकांड की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में लिखा गया है कि राकेश कुमार उर्फ गग्गी हमारे कुछ साथियों को तंग कर रहा था, इसलिए उसे मारा गया है। पोस्ट में लिखा गया है कि गैंग के एंटी चलने वाले अन्य लोगों को सबक सिखाया जाएगा। पोस्ट में नारायणगढ़ (हरियाणा) निवासी वेकंट के अलावा लाडी कुनर और मणि राणा निवासी बाथू ऊना का नाम लिखा गया है। मणि राणा इन दिनों एक मामले में कंडा जेल में बंद है।
दोनों युवक बाइक पर आए थे। पुलिस ने बाइक की पहचान कर ली है और इसके आधार पर जल्द आरोपियों पर पकड़ लिया जाएगा। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। - अमित यादव, पुलिस अधीक्षक ऊना