Himachal News: सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत बंजार के शरची पहुंचे मुख्यमंत्री, यहां किया रात्रि ठहराव
Sukhvinder Singh Sukhu: कुल्लू जिले में बंजार विधानसभा क्षेत्र के शरची गांव में पूर्व सैनिक सूबेदार अनूप राम के घर रात्रि ठहराव किया। उन्होंने शरची ग्राम पंचायत के पांच महिला मंडलों को एक-एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत कुल्लू जिला में बंजार विधानसभा क्षेत्र के शरची गांव में पूर्व सैनिक सूबेदार अनूप राम के घर रात्रि ठहराव किया। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर सभी गांववासी उत्साहित थे। मुख्यमंत्री को अपने घर-द्वार पर पाकर ग्रामवासी गर्मजोशी से विभोर हो गए। पारम्परिक वेशभूषा से सुसज्जित ग्रामवासियों ने वाद्ययंत्रों की मधुर स्वर लहरियों से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। राह चलते हुए मुख्यमंत्री ने बच्चों, बुजुर्गां, महिलाओं सभी से संवाद किया। इस दौरान ग्रामवासियों ने अपनी समस्याओं के बारे में भी मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की मांगों को पूरा करने के लिए बजट का उचित प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को नगलाड़ी-शरची मार्ग को चौड़ा करने व इसके सुधारीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क के साथ ड्रेन का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने आवश्यकतानुसार सड़क पर पेवर ब्लॉक्स लगाने को भी कहा, ताकि सड़क का बेहतर ढंग से रखरखाव हो सके। उन्होंने शरची ग्राम पंचायत के पांच महिला मंडलों को एक-एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री ने गांव वासियों के साथ नाश्ता किया और उनकी समस्याएं भी सुनीं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ग्रामवासियों से क्षेत्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में भी खुलकर बात की। लोगों से फीडबैक भी लिया।
ग्राम पंचायत शरची की प्रधान रामेश्वरी ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की हैं, जिसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। इससे पहले गांव के गाड़ा दुर्गा मंदिर में मुख्यमंत्री ने शीश नवाया और प्रदेश में सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर व भुवनेश्वर गौड़, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह, मिल्कफैड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री खिमी राम शर्मा, एचपीएसआईडीसी के उपाध्यक्ष विशाल चंबियाल, सचिव आशीष सिंघमार, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. पंकज ललित, उपायुक्त तोरुल एस रवीश, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग राजीव कुमार, जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार, कांग्रेस नेता सेस राम आज़ाद और विद्या नेगी, कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि व गणमान्य उपस्थित रहे।