Himachal News: इंतजार खत्म, 22 साल बाद ऊहल प्रोजेक्ट से क्षमता से अधिक 36.70 मेगावाट का विद्युत उत्पादन शुरू
22 साल के लंबे इंतजार के बाद वीरवार से ऊहल तृतीय जलविद्युत परियोजना में विद्युत उत्पादन शुरू हो गया। बोर्ड प्रबंधन के मुताबिक इससे प्रदेश को 200 से 250 करोड़ की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की महत्वाकांक्षी ऊहल तृतीय जलविद्युत परियोजना में 22 साल के लंबे इंतजार के बाद वीरवार से विद्युत उत्पादन शुरू हो गया। इस परियोजना के तहत यूनिट नंबर दो ने क्षमता से अधिक 36.70 मेगावाट विद्युत उत्पादन किया है। इसकी क्षमता 33.33 मेगावाट की है। परियोजना प्रबंधन आने वाले दिनों में नंबर एक और तीन यूनिट से भी विद्युत उत्पादन शुरू करने की तैयारी में है। बोर्ड प्रबंधन के मुताबिक तीनों यूनिटों से बिजली उत्पादन शुरू होने के बाद सालाना कुल 400 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। इससे प्रदेश को 200 से 250 करोड़ की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी।
ऊहल प्रोजेक्ट के प्रबंध निदेशक देवेंद्र सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक टेस्ट के सभी परीक्षण तीनों यूनिटों में सफल रहे हैं। यूनिट नंबर दो में विद्युत उत्पादन भी शुरू हो गया है। पावर हाउस में स्थापित 33.33 मेगावट के यूनिट एक और तीन में भी फरवरी माह में बिजली तैयार होगी। वहीं जून माह में पानी की पर्याप्त उपलब्धता होते ही 110 मेगावाट का विद्युत उत्पादन भी सौ मेगावाट की परियोजना में होगा। जनवरी माह में इलेक्ट्रिक टेस्ट पूरे होने के बाद अब विद्युत उत्पादन शुरू हुआ है। इससे प्रदेश सरकार को करोड़ों की आमदनी होगी। सालाना दो सौ करोड़ से अधिक का राजस्व भी सरकार का खजाना भरेगा।
ऊहल परियोजना में साल 2020 में जब विद्युत उत्पादन शुरू करना चाहा तो परियोजना की पैन स्टॉक फट जाने से विद्युत उत्पादन की उम्मीदें भी टूट गई थीं। इस दौरान एक हजार करोड़ से अधिक का नुकसान परियोजना प्रबंधन को उठाना पड़ा था। इस बार विद्युत उत्पादन के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी घटना नहीं घटी। वीरवार को ऊहल परियोजना के सिविल अधीक्षण अभियंता संजीवन धीमान, इलेक्ट्रिक विंग के अधीक्षण अभियंता रमन ने बताया कि परियोजना में विद्युत उत्पादन के निर्धारित लक्ष्य में विद्युत उत्पादन करने में सफलता हासिल कर ली गई है।
ऊहल प्रोजेक्ट में 2003 में रखी गई थी विद्युत उत्पादन की नींव
साल 2003 में विद्युत उत्पादन की नींव रखी गई थी और अब करीब 22 साल बाद सौ मेगावाट विद्युत परियोजना में उत्पादन शुरू हो गया है। अनुमानित 431 करोड़ रुपये की प्रस्तावित पन विद्युत परियोजना में विद्युत उत्पादन शुरू करने के लिए करीब 2600 करोड़ रुपये का बजट खर्च हो चुका है। पहले 2007 में विद्युत उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था।