हिमाचल प्रदेश: जेबीटी-टीजीटी के 5209 पद खाली, 3214 प्राइमरी स्कूलों में एक-एक ही शिक्षक
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। प्रदेश में जेबीटी और टीजीटी के कुल 5,209 पद खाली हैं। इनमें अकेले जेबीटी के 4,019 पद रिक्त हैं। वहीं, टीजीटी कला के 646, नॉन मेडिकल के 318 और मेडिकल के 226 पद खाली पड़े हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का बड़ा आंकड़ा सामने आया है। प्रदेश में जेबीटी और टीजीटी के कुल 5,209 पद खाली हैं। इनमें अकेले जेबीटी के 4,019 पद रिक्त हैं। वहीं, टीजीटी कला के 646, नॉन मेडिकल के 318 और मेडिकल के 226 पद खाली पड़े हैं। यह जानकारी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सोमवार को विधानसभा में विधायक पवन कुमार काजल, हंस राज, जीत राम कटवाल और दलीप ठाकुर के सवाल के लिखित जवाब में दी। 3,214 राजकीय प्राथमिक विद्यालय और 101 राजकीय माध्यमिक विद्यालय एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। शिक्षा मंत्री के अनुसार जेबीटी के 20,116 स्वीकृत पदों में 14,132 भरे हुए हैं, 4,019 पद खाली हैं।
किस श्रेणी के कितने पद भरे गए
टीजीटी कला के 8,486 स्वीकृत पदों में 7,582, टीजीटी नॉन मेडिकल के 5,165 में 4,613 और टीजीटी मेडिकल के 3,068 पदों में 2,828 पद भरे हुए हैं। इन चारों श्रेणियों में कुल 36,835 पद स्वीकृत हैं, जिनमें 29,155 पद भरे हैं। 31 जुलाई 2026 तक टीजीटी के 1,190 पद रिक्त थे। इनमें से 764 पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। इनमें महज 13 पद बैचवाइज भर्ती के माध्यम से भरे जा रहे हैं। वर्तमान में इन 13 पदों के अलावा टीजीटी के किसी अन्य पद के लिए बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि बैचवाइज भर्ती के लिए अलग से वार्षिक अथवा समयबद्ध भर्ती कैलेंडर जारी करने का प्रस्ताव भी फिलहाल विचाराधीन नहीं है। निर्धारित बैचवाइज कोटे के तहत वर्ष 2024 में जेबीटी के 1,161 और टीजीटी के 1,042 पद भरे जा चुके हैं। अन्य रिक्त पदों को भी निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के तहत चरणबद्ध तरीके से भरने की बात कही गई है।
3,214 प्राइमरी स्कूलों में एक शिक्षक
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का दूसरा चिंताजनक पहलू यह है कि 3,214 राजकीय प्राथमिक विद्यालय और 101 राजकीय माध्यमिक विद्यालय एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। इसके अलावा 393 प्राथमिक और तीन माध्यमिक स्कूलों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाई करवाई जा रही है। सरकार के अनुसार प्रदेश में प्राथमिक स्तर पर 12 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक, माध्यमिक स्तर पर 11 विद्यार्थियों पर एक और उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर 10 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक उपलब्ध है।
एनटीटी के 6,297 पदों में अब तक 518 भरे
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 6,297 प्राथमिक स्कूलों में एनटीटी प्री-प्राइमरी शिक्षकों की तैनाती का निर्णय लिया गया है। इसके लिए राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम ने 14 एजेंसियों को साक्षात्कार कराने का काम सौंपा था। एजेंसियों की ओर से साक्षात्कार भी कराए गए, लेकिन योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी पद नहीं भरे जा सके। अब सरकार भविष्य में डाइट के माध्यम से एनटीटी प्रशिक्षण शुरू करने पर विचार कर रही है। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) को प्रस्ताव भेजा जाएगा। एनटीटी के 6,297 पदों में से अभी तक 518 पदों पर भर्ती की जा चुकी है और शेष पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।