रंगस (नादौन)। रबड़ डॉल के नाम से विख्यात योग गर्ल निधि डोगरा को उनके घर पर उनके नाम की नेम प्लेट लगाकर बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र मोहन शर्मा ने सम्मानित किया। निधि डोगरा गांव खियूद, पंचायत पनोह तहसील सुजानपुर की रहने वाली है। निधि डोगरा की योग के क्षेत्र में प्राप्त की गई उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत निधि डोगरा के नाम की नेम प्लेट लगाई गई है ताकि, अन्य बच्चे भी इससे प्रेरणा ले सकें और वे अपने-अपने क्षेत्र में कड़ी मेहनत करें। निधि डोगरा योग के क्षेत्र में तीन विश्व कीर्तिमान स्थापित कर चुकी है। योग में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय मेडल भी जीत चुकी हैं।
इसके अलावा कई रियल्टी शो में भी अपने प्रतिभा दिखा चुकी हैं। इस उपलक्ष्य पर महिला एवं बाल विकास विभाग की सर्कल सुपरवाइजर रीता ठाकुर, पनोह पंचायत के प्रधान विजय कुमार, रोहित शर्मा व परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। निधि डोगरा के पिता व कोच शशि कुमार ने बेटी निधि डोगरा को सम्मानित किया व भविष्य में और अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित करने पहुंचे सभी अधिकारियों का धन्यवाद किया।