हमीरपुर। जिलेभर में बुधवार को वसंत पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। माता सरस्वती का पूजन कर वसंत पंचमी मनाई गई। सरकारी, निजी स्कूलों में बच्चे पीले वस्त्र पहनकर आए और वसंत पंचमी का त्योहार मनाया। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर परिसर में बुधवार को वसंत पंचमी उत्सव मनाया। कुलपति प्रो शशि कुमार धीमान ने तकनीकी विवि परिसर में स्थापित मां सरस्वती प्रतिमा की पूजा-अर्चना की। कुलपति ने तकनीकी विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को वसंत पंचमी उत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर तकनीकी विवि के कुलसचिव कमल देव सिंह कंवर, अधिष्ठाता शैक्षणिक प्रो जयदेव, अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक संजीवन मनकोटिया, सहायक कुलसचिव सुरेंद्र शर्मा, राजवीर सिंह, ओम राणा, संपदा अधिकारी धीरज कौंडल, परियोजना अधिकारी अमित ठाकुर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। एनएसएस इकाई के स्वयंसेवियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा की सजावट की। इस मौके पर प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पैरवी में वसंत पंचमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पाठशाला में सरस्वती माता की मूर्ति स्थापना में सहयोग करने वाले भानू दत्त शर्मा व उनकी पत्नी विमला शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने बच्चों को अपनी तरफ से दोपहर का विशेष भोज भेंट किया। इस अवसर पर बाड़ा निवासी बलदेव राज (भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त) ने पाठशाला को 11 हजार रुपये दान दिए। प्रधानाचार्य अश्विनी गौतम ने इन सब को स्मृति चिह्न प्रदान किए तथा धन्यवाद किया। जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में भी वसंत पंचमी पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रात: कालीन सभा में प्रधानाचार्य विक्रम कुमार व शिक्षकों ने मां सरस्वती, मां वीणापाणि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व दीप प्रज्वलित कर सरस्वती वंदना भी की। समस्त विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना गाकर मां शारदा का आह्वान किया कि वह उनके ऊपर अपनी अपार कृपा बनाए रखें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गलोड़ में प्रधानाचार्य सुरिंदर पाल शर्मा की अध्यक्षता में वसंत पंचमी उत्सव मनाया गया। सरस्वती की पूजा अर्चना के बाद बच्चों को हलवा बांटा गया। वहीं
भंडारा-कस्बा बड़ा में श्री राम क्लब बड़ा की ओर से वसंत पंचमी के अवसर पर बाबा सीता राम जी की पुण्यतिथि पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।