हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के विषय विशेषज्ञ अब जिला हमीरपुर के सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को विद्यार्थियों को नीट और जेईई की तैयारियां कराना सिखाएंगे। शनिवार को एनआईटी हमीरपुर में गणित, भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विषयों के स्कूल प्रवक्ताओं के लिए एनआईटी में क्षमता संवर्धन कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम को मिशन द्रोणाचार्य का नाम दिया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अनुराग ठाकुर ने बीते माह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दौरे के दौरान जिला के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुधारने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए थे। केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रवेश/प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित करने के बारे में कहा था, ताकि जिले के सरकारी स्कूलों शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें।
शनिवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ पर उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा कि यदि विद्यार्थियों को अर्जुन बनाना है तो अध्यापकों को भी द्रोणाचार्य बन कर बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवानी होगी। एनआईटी के संबंधित विषयों के हेड स्कूल प्रवक्ताओं की स्किल डेवलपमेंट बढ़ाएंगे, न्यूमेरीकल तथा प्रैक्टिकल पर ज्यादा चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया है। भविष्य में अन्य विषय, योजनाएं भी मिशन द्रोणाचार्य में शामिल की जाएंगी।